गोंडा। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के साथ जिले में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग की जारी रिपोर्ट में दो लोगों में चिकन पॉक्स और चार वर्षीय एक बच्चे में डेंगू की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार करनैलगंज के रमवापुर और शहरी क्षेत्र के बड़गांव निवासी एक-एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट चिकन पॉक्स पॉजिटिव आई है। दोनों की जांच स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में कराई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मरीजों के घर के आसपास सर्विलांस बढ़ाने और निरोधात्मक कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर ली है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
वहीं, सिसई गांव निवासी चार वर्षीय अभिमन्यु तिवारी में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग और लोगों को जागरूक करने की कार्रवाई कर रहा है। (संवाद)