गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर डुमरियाडीह चौराहे के समीप गुरुवार की देर रात तिलक समारोह में जा रही जीप की सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। हादसे जीप सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से गंभीर हालत में दो घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसा इतना भीषण था कि जीप टूटकर दो भाग में बंट गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में थाना वजीरजगंज में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गोरखपुर कैंट के कूड़ाघाट झारखंडी के रहने वाले राज बहादुर ने बताया कि उनकी भतीजी का गुरुवार को तिलक था। उनका बेटा विकास अपने साथियों संग गुरुवार की शाम एक जीप से तिलक चढ़ाने के लिए करनैलगंज के खरथरी गांव जा रहा था।
वह सभी गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर थाना वजीरगंज के क्षेत्र के डुमरियाडीह चौराहे के समीप पहुंचे थे तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से जीप की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से जीप टूटकर दो भागों में बंट गई।
हादसे में विकास पांडेय (25) व हर्ष सिंह (28) निवासी आवास विकास कॉलोनी की मौके ही मौत हो गई। वहीं विकास का साथी निवासी क़ूड़ाघाट पदमाकर चौबे उर्फ शुभम (26), इंद्रप्रताप उर्फ प्रिंस (30) व अमन शाही (25) घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
जहां से पदमाकर व इंद्रप्रताप उर्फ पिंस को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर ट्रॉली को थाने ले आई है।
इस मामले में विकास के पिता राज बहादुर ने थाना वजीरगंज में ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष वजीरगंज विनोद यादव ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।