मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के बक्सरा आज्ञाराम गांव के मजरा पाठक पुरवा निवासी मिश्रीलाल पाठक (38) व अशर्फीलाल पाठक (65) पुत्र राम शंकर को जमीन की रंजिश को लेकर सोमवार को गांव के ही कुछ लोगों ने एक चाय की दुकान पर घेर कर लाठी-डंडों व फरसे से हमलाकर मरणासन्न कर दिया।
घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्गा पाठक ने गांव के ही मजरा करवंदिया निवासी जगदंबा यादव पुत्र राम उजेरे यादव व उनके बेटे राम बहादुर, पवन कुमार, ललक राम, अनिरुद्ध कुमार व दो अन्य सहित सात लोगों के खिलाफ लाठी-डंडा व फरसे से हमला करने व जान से मार डालने की धमकी की तहरीर कोतवाली में दी है।
कोतवाल अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि सात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बक्सरा आज्ञाराम गांव के मजरा पाठक पुरवा निवासी दुर्गा पांडेय व मनकापुर कोतवाली में तैनात होमगार्ड राम बहादुर यादव के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है।
इसको लेकर दोनों पक्षों में 18 जून को मारपीट हुई, जिसमें पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। उसके दूसरे ही दिन फिर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। दबंगों ने दुर्गा पांडेय का मड़हा फूंक दिया और दो बाइकें तोड़ दी थीं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
तनाव को देखते हुए कोतवाल ने तभी से गांव में दो पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया था। लेकिन सोमवार को होमगार्ड की दबंगई के आगे दोनों पुलिस कर्मी मूकदर्शक बन कर देखते रहे और होमगार्ड ने समर्थकों के साथ मिलकर दो लोगों को मारकर लहूलुहान कर दिया।