गोंडा। मेडिकल कॉलेज में भर्ती दो मरीजों की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऐसे में इस साल जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
मुजेहना के उत्तरी शुक्लपुरवा निवासी कृष्णदेव द्विवेदी को बुखार होने आने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। डेंगू की जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। झंझरी निवासी चंदा देवी की भी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसजेडए जैदी ने बताया कि मरीजों के घर जाकर फॉगिंग व छिड़काव कराया गया है। संक्रमित के परिजनों का सैंपल लेकर स्लाइड तैयार कराई गई है।
डेंगू बुखार के लक्षण
मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. अरिहंत ने बताया कि अचानक तेज बुखार, तेज सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, थकान, जी मिचलाना, उल्टी आना, दस्त होना, त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ना तथा नाक, मसूड़ों व अन्य स्थानों से रक्तस्राव होना डेंगू के लक्षण हैं। डेंगू संक्रमितों में ये लक्षण चार से छह दिन बाद दिखाई पड़ते हैं और 10 से 12 दिन तक रहते हैं।