गोंडा-गोरखपुर रेल खंड के मसकनवा रेलवे स्टेशन के पास रविवार की सुबह ट्रेन से कटकर एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जीआरपी ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छपिया थाना क्षेत्र के लखपतनगर-मसकनवा रेलवे स्टेशन के मध्य विश्नोहरपुर गांव के पास सुबह 55 वर्षीया अज्ञात महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
उधर, छपिया थाना क्षेत्र के ही सब्बनजोत गांव के मजरा चंदनजोत के रहने वाले अमेरिका प्रसाद (58) रविवार सबह आठ बजे अपनी नातिन ममता वर्मा के साथ इलाज कराने के लिए लखनऊ जा रहे थे।
जब वह दोनों मसकनवा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार कर रहे थे, तभी दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही वैशाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से अमेरिका प्रसाद की कटकर मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि ममता ने ट्रैक से बाहर की ओर छलांग लगा दी, जिससे वह बाल-बाल बच गई। चौकी प्रभारी जीआरपी मनकापुर रणविजय सिंह ने बताया कि महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।