अलग-अलग सड़क हादसों में शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर एक बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रालियां छोड़कर फरार हो गए। हादसों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना उमरी बेगमगंज के उमरी डीहा गंाव के मजरे सभा पुरवा के रहने वाले मनीलाल का सात वर्षीय पौत्र दीपक गांव के अन्य बच्चों के साथ मां बाराही मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह खेल रहा था। इसी बीच उधर से गुजर रही ट्रैक्टर ट्राली के पहिए के नीचे दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर ट्राली को थाने ले आई है। इस मामले में मनीलाल ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष उमरी बेगमगंज डीके सिंह ने बताय कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
दूसरी घटना में थाना मोतीगंज क्षेत्र के गड़वलिया गांव का रहने वाला रामकृपाल (50) शुक्रवार की सुबह अपने गांव के पास ही सड़क पार कर रहा था। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसकी जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर लिखापढ़ी की जाएगी।