चुवाड़ गांव में रोते-बिलखते मृतक गंगाधर के परिजन। - संवाद
बभनान। मसकनवा-बभनान मार्ग पर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले छपिया के चुवाड़ गांव निवासी रंजीत (39) और गंगाधर राव (42) के शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम घर पहुंचे तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। देर शाम अयोध्या धाम में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। गांव के दो युवकों की चिताएं एकसाथ जलती देख परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। मृतक गंगाधर राव को उनके पिता राम केवल और रंजीत को उनके बड़े बेटे मनप्रीत ने मुखाग्नि दी। मालूम हो कि शनिवार देर शाम मसकनवा-बभनान मार्ग पर दीननगर गांव के पास अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार दोनों युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों को सीएचसी छपिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलने पर सोमवार को भाजपा विधायक प्रभात कुमार वर्मा और विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि कमलेश पांडेय पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। जगदीश पटेल, गंगाराम भारती और चंद्र प्रताप पटेल ने भी दोनों परिवारों के घर पहुंचकर शोक जताया।