गोंडा। थप्पड़ों का बदला लेने के लिए दोस्त ने ही व्यापारी नितिन मिश्र व अरुण मिश्र को एसयूवी से रौंदा था। हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर वारदात में प्रयुक्त एसयूवी बरामद कर ली गई।
घटना बुधवार रात की है, जब नितिन मिश्र अपने साथी अरुण मिश्र के साथ बाइक से अपने परिचित को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। रास्ते में कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। इस दौरान नशे में धुत आरोपियों ने नितिन और अरुण को एसयूवी से कुचल डाला। नितिन को गंभीर चोट आई थीं। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय नितिन की मौत हो गई थी। जबकि अरुण का इलाज चल रहा है।
नगर कोतवाली पुलिस ने नितिन के पिता शंकर दयाल मिश्र की तहरीर पर आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की थी। विवेचक सभाजीत सिंह ने बताया कि तफ्तीश के दौरान अभय तिवारी निवासी भरतनगर सीतापुर रोड, थाना मड़ियांव लखनऊ, अतुल पांडेय निवासी जमुनही हरदोपट्टी जलालजाेत थाना खरगूपुर, अंशुमान सिंह निवासी पूरे शिवाबख्तावर नगर कोतवाली, वैभव दूबे निवासी ऊंचे झंझरी, नगर कोतवाली विवेक पांडेय निवासी पोखरा खरगूपुर व ऋषभ उर्फ रोहित सिंह निवासी सुल्तानपुर के नाम प्रकाश में आए। पहले से दर्ज गैर इरादतन हत्या की एफआईआर में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है।
विवेचक ने बताया कि शनिवार को अभियुक्त अभय तिवारी को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। वहीं, अतुल पांडेय व अंशुमान सिंह को रोडवेज बस स्टेशन गोंडा के पास से गिरफ्तार किया गया है।
विवेचक ने बताया कि अभय ने पूछताछ में बताया कि नितिन से उसकी दोस्ती थी। वारदात वाले दिन फोन पर उससे बातचीत होने के बाद वह एसयूवी से साथियों के साथ गोंडा पहुंचा। यहां अतुल, अंशुमान, वैभव, अरुण और विवेक मिल गए। सभी नशे में थे, बातचीत के दौरान वर्चस्व को लेकर अरुण से कहासुनी हो गई। अरुण ने दबंगई दिखाते हुए उसे थप्पड़ मार दिया। साथियों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन अरुण ने एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। उसने भी अरुण को थप्पड़ की गूंज सुनाने की ठान ली और एसयूवी मोड़कर दोनों को कुचलते हुए भाग गया था।