गोंडा में तरबगंज थाने में पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस
तरबगंज (गोंडा)। पांच मार्च की शाम को रेतादल सिंह गांव निवासी सत्यम उर्फ मुसऊ (14) की हत्या के मामले का बृहस्पतिवार को पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो दोस्तों को गिरफ्तार कर बाइक समेत वारदात में प्रयुक्त लोहे की पाइप को भी बरामद करने का दावा किया है।
एएसपी पूर्वी मनोज कुमार व पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि सत्यम की हत्या के मामले में अनिल कुमार निवासी ग्राम रेतादल सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बताया गया था कि एक निमंत्रण से लौटते समय अज्ञात बाइक सवारों ने डंडे से हमला किया था। इलाज के दौरान सत्यम की मौत हो गई थी। इस मामले में एसओ तरबगंज कमलाकांत त्रिपाठी की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने अमन पांडेय व दीपक पांडेय निवासी रघुनाथपुर को महंगीपुरवा भगवानदीन यादव की बगिया से गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी दोस्त हैं। पांच मार्च की शाम को दोनों ने तरबगंज बाजार जाकर शराब पी थी। उसके बाद घर वापसी के दौरान दोनों नशे के कारण मोटरसाइकिल से लड़खड़ाकर गिर गये। जिसे देखकर रास्ते में पैदल जा रहा किशोर हंसने लगा। इससे नाराज होकर दोनों दोस्तों ने कबाड़ी के दुकान से लोहे की पाइप लेकर किशोर पर वार कर उसे घायल कर दिया।