परीक्षा परिणाम से आहत इंटर की छात्रा ने दी जान
सुल्तानपुर में नेवरी मनोरथपुर गांव में इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम में उम्मीद से कम अंक आने से आहत छात्रा अंशिका वर्मा (18) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार रात लगभग 8 बजे हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
गांव निवासी अमर बहादुर वर्मा की पुत्री अंशिका वर्मा इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बृहस्पतिवार शाम को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में उसे 66.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए, जो उसकी अपेक्षा से कम थे। परीक्षा परिणाम से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिजनों के मुताबिक, परिणाम आने के बाद से अंशिका काफी उदास और चिंतित रहने लगी थी। रात करीब आठ बजे घर के टीन शेड में लगी बल्ली के सहारे दुपट्टे के फंदे से उसका शव लटका मिला।
थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, अंशिका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। पिता अमर बहादुर वर्मा खेती-बाड़ी करते हैं। अंशिका की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।