गोंडा। जिले में डेंगू के दो मरीज मिले हैं। केजीएमयू लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इस साल अब तक जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव, सर्वे और सैंपलिंग का काम शुरू करा दिया है।
पंडरी कृपाल क्षेत्र के चार वर्षीय अहम और झंझरी क्षेत्र के 24 वर्षीय पूजाराम को तेज बुखार आने पर परिजनों ने पहले स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया। हालत में सुधार न होने पर दोनों को केजीएमयू लखनऊ ले जाया गया, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काजीदेवर और पंडरीकृपाल के अधीक्षकों को तत्काल प्रभावित गांवों में निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांवों में पहुंचकर एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया। आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच और सैंपलिंग भी शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है।