गोंडा। पटाखा लाइसेंस के सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में एसपी अभिषेक ने रविवार रात दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। एक-एक हजार रुपये लेते हुए दोनों सिपाहियों के वीडियो वायरल हुए थे।
नगर कोतवाली में तैनात सिपाही अजीत सिंह का वीडियो पांच नवंबर की दोपहर दो बजे का बताया जा रहा है। इसमें वह पटाखा लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले एक व्यक्ति से सत्यापन के नाम पर एक हजार रुपये लेते नजर आ रहा है।
वहीं, सीओ सिटी कार्यालय में तैनात आरक्षी सुमन का भी वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में वह रुपये काउंटर की दराज में रखने के लिए कहती सुनाई दे रही हैं। यह वीडियो भी पांच नवंबर की दोपहर का बताया गया है।
एसपी ने एएसपी (पूर्वी) अजीत कुमार रजक को दोनों मामलों की जांच सौंपी थी। एएसपी (पूर्वी) ने दोनों मामलों की जांच कर एसपी को रिपोर्ट सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।