आवास विहीन असहाय व गरीबों को एक अदद पक्की छत मुहैया कराने के लिए संचालित लोहिया आवास योजना से दो ब्लॉक क्षेत्र की तीन लाख आबादी को वंचित कर दिया गया।
यही नहीं, एक विकास खंड में 590 आवास दे दिए गए, जबकि तीन ब्लॉक क्षेत्र में आवास पाने वालों की संख्या दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाई। इसे माननीयों व अधिकारियों का खेल माना जाए या शासनादेश का मेल, हो कुछ भी, मगर पांच ब्लॉक क्षेत्र की सात लाख आबादी में 21 आवास का आवंटन सवाल के घेरे में आ गया है।
आवास विहीन ऐसे असहाय व गरीबों को जिन्हें पूर्व में किसी आवास योजना का लाभ न मिला हो, उनके लिए सरकार लोहिया आवास योजना संचालित कर रही है। हालांकि लोहिया आवास के लिए पात्रों की सूची तैयार किए जाने में अभी समग्र गांव को प्राथमिकता देने का निर्देश है।
लोहिया आवास के निर्माण के लिए चयनित लाभार्थियों को दो किस्तों में 3.05 लाख रुपये दिए जाते हैं। 2.75 लाख रुपये लाभार्थियों के खाते में दो किस्तों में दिए जाते हैं, जबकि 30 हजार रुपये सोलर लाइट लगाने के लिए नेडा को दिए जाते हैं।
जिले के दो ब्लॉक क्षेत्र छपिया व पडरीकृपाल को वर्ष 2014-15 में एक भी लोहिया आवास का आवंटन नहीं हुआ, जबकि नवाबगंज ब्लॉक में 590 आवास दे दिए गए। इसी तरह बभनजोत को पांच, वजीरगंज व मुजेहना विकास खंड क्षेत्र को आठ-आठ आवास ही मिल पाए।
ब्लॉकवार लोहिया आवास लाभार्थियों की स्थिति
ब्लॉक लाभार्थियों की संख्या
झंझरी 128
पडरीकृपाल 00
रुपईडीह 38
नवाबगंज 590
छपिया 00
इटियाथेक 48
मुजेहना 08
मनकापुर 123
बभनजोत 05
तरबगंज 319
वजीरगंज 08
बेलरसर 72
करनैलगंज 84
हलधरमऊ 10
कटरा बाजार 200
परसपुर 268
लोहिया आवास के लाभार्थियों के चयन में समग्र गांव को ही वरीयता दी जाती है। पात्रों के चयन की सूची ग्राम पंचायत की खुली बैठक में तैयार कर ब्लॉक को भेजी जाती हैं। जहां से पात्रता की जांच मुख्यालय आती है। नियमानुसार ही लाभार्थियों का चयन करने का निर्देश है। जांच में जो अपात्र पाए गए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। - जयंत कुमार दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी