नलकूप कर्मियों ने मंगलवार को अपनी मांगों के समर्थन में एक्सईएन के दफ्तर के सामने धरना-प्रदर्शन किया। मांगे पूरी न होने पर सात जनवरी को मुख्यमंत्री का घेराव करने की चेतावनी दी है। प्रमुख अभियंता नलकूप को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन एक्सईएन को सौंपा है।
धरने के दौरान ट्यूबवेल टेक्नीकल इम्प्लाइज एसोसिएशन सिंचाई विभाग के खंड अध्यक्ष कृषण कुुमार पांडेय व सिंचाई संघ के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि शासन एवं विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने पर धरना-प्रदर्शन किया गया है।
प्रमुख अभियंता की सहमति के बाद भी नलकूप मिस्त्री सहित सभी तकनीकी कर्मचारियों के वेतनमान का आदेश जारी नहीं किया गया है।
नलकूप मिस्त्री के स्थान पर तकनीकी पर्यवेक्षक पद किए जाने की मांग अभी तक ठंडे बस्ते में है। अवर अभियंता यांत्रिक से नलकूप मिस्त्रियों का नियम विरुद्घ किया गया डिमोशन तत्काल वापस लिया जाए।
नलकूप मिस्त्री से अवर अभियंता पद पर पिछले तीन वित्तीय वर्ष से अधियाचन एवं डिप्लोमा प्राप्त कर चुके कर्मियों को तत्काल प्रमोशन दिया जाए।
सभी मांगों को शासन व विभाग स्तर पर लंबित रखा गया जिससे कर्मियों का नुकसान हो रहा है। चेतावनी दी कि मांगों के समर्थन में आगामी सात जनवरी को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का घेराव किया जाएगा।
महामंत्री संदीप सिंह ने सभी साथियों से एकजुट होकर लड़ाई में शामिल होने की अपील की। एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश, कोषाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, अयोध्या प्रसाद, अमरनाथ, राजकुमार वर्मा, गोपेश चंद्र, त्रिपुरारी मिश्रा आदि ने धरने को संबोधित किया।
धरना के बाद कर्मचारियों ने प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई विभाग को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन अधिशासी अभियंता नलकूप खंड को सौंपा।