परसपुर (गोंडा)। पुलिस ने गुरुवार की भोर विजयगंज बहुवनमदार मांझा के पास गोवंश से लदा एक ट्रक पकड़ा है। जिसमें 20 गोवंश मिले हैं। पुलिस को देखकर ट्रक में सवार पांच लोग भाग निकले। जबकि पुलिस एक व्यक्ति को पकड़ा है। थाना परसपुर में छह लोगों के खिलाफ गो हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रक को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
थाना परसपुर के एसएसआई राम आशीष यादव ने बताया कि गुरुवार की भोर विजयगंज बहुवनमदार मांझा के पास एक ट्रक को रोका गया तो वह भागने लगा। कुछ दूरी पर चालक ने ट्रक रोक दिया। ट्रक के रुकते ही उसमें से पांच लोग कूदकर भाग निकले। जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम फैजान कुरैशी निवासी राया, मथुरा बताया। बताया कि गोवंश पश्चिम बंगाल ले जा रहा था।
एसएसआई राम आशीष ने बताया कि ट्रक में 20 गोवंश मिले हैं। जिन्हें स्थानीय लोगों को सुपुर्दगी में दे दिया गया है। पकड़े गए फैजान कुरैशी ने भागने वाले अपने साथियों का नाम भोलू उर्फ सोयेंद्र सिंह व गोलू निवासी बांसगांव थाना टिकैत नगर जनपद बाराबंकी बताया। एसआई के मुताबिक वह अन्य साथियों को नाम नहीं बता सका। मामले में थाना परसपुर में फैजान समेत छह लोगों के खिलाफ गो हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता का निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि ट्रक को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।