फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: सूदखोरों से परेशान कैंसर पीड़ित ने पी लिया कीटनाशक

Fri, 15 Nov 2024 12:06 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव में रहने वाले कैंसर पीड़ित युवक ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर कीटनाशक पी लिया। इससे पहले वह एसपी से मिलने उनके कार्यालय गया था। मगर एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन


बड़गांव मोहल्ला निवासी विजय कुमार साहू उर्फ बबलू ने बताया कि वह बड़गांव ओवरब्रिज के नीचे पान की गुमटी चलाते हैं। वर्ष 2019 में बड़गांव के रहने एक व्यक्ति से 25 हजार रुपये कर्ज लिया था। जिसका सूदखोर को प्रत्येक माह दस फीसदी ब्याज भी अदा करते रहे। 25 हजार के एवज में पिछले पांच साल में डेढ़ लाख रुपये सूदखोर को अदा कर चुके हैं। फिर भी सूदखोर ढाई लाख रुपये की मांग कर रहा है।
आरोप है कि 10 नवंबर 2024 की शाम सूदखोर अपने दो साथियों संग उनकी पान की गुमटी पर पहुंचा और ढाई लाख रुपये की मांग करने लगा। जब उन्होंने कहा कि 25 हजार रुपये के एवज में अब तक डेढ़ लाख रुपये दे चुके हैं, अब ढाई लाख रुपये कैसे हो गए, तो सूदखोर और उसके साथियों ने उन्हें गुमटी से खींच लिया। पिटाई करके 800 रुपये निकाल लिए। जान से मारने की धमकी भी दी।
विज्ञापन

आरोप है कि तीनों लोग उनकी दुकान पर पान खाते थे। पांच साल के पान के करीब एक लाख 40 हजार रुपये तीनों पर बकाया हैं। ये रकम भी नहीं दी। विजय की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि सूदखोर की शिकायत करने उनके पति बुधवार को एसपी कार्यालय गए थे, मगर उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। सूदखाेरों की प्रताड़ना से तंग आकर विजय ने कीटनाशक पी लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सरिता के मुताबिक उनके पति एक साल से कैंसर से पीड़ित हैं। उनका लखनऊ में इलाज चल रहा है। फरवरी 2024 में ऑपरेशन के बाद उन्हें घर लाया गया था। इसी दौरान सूदखोरों ने परेशान करना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

नगर कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि उन्हें तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें