शनिवार की रात अचानक आई आंधी के चलते उतरौला नगर के मोहल्ला रफीनगर में एक पुराना जर्जर पेड़ रिहायशी मकान पर गिर गया, जिससे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के अंदर रहने वाले लोग बाल-बाल बच गए। करीब तीन घंटे तक हुई हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी। बारिश के चलते गन्ने की फसल को मिले लाभ से किसान गदगद हैं।
शनिवार रात उतरौला के मोहल्ला रफीनगर में तेज आंधी के बीच कुद्दूस के मकान पर बगल में स्थित पुराना जर्जर पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आकर मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
कुद्दूस ने बताया कि घटना के समय मकान के अंदर सो रहे परिवारीजन बाल-बाल बच गए। उधर, रात में करीब तीन घंटे तक हुई हल्की बारिश ने किसानों को काफी राहत दी है।
किसान मेहताब खां, कृष्ण गोपाल सिंह, जयनरायन वर्मा, शिव कुमार व इदरीश खां आदि ने बताया कि बारिश से गन्ने की फसल को काफी फायदा हुआ है। खरीफ की फसल की तैयारी में भी बारिश के चलते सहूलियत मिल रही है।