गोंडा। परिवहन निगम अब जिले में मासिक पास वाले यात्रियों के लिए आधारित स्मार्ट कार्ड जारी करने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत मासिक सीजनल टिकट (एमएसटी) की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। यात्रियों को एटीएम कार्ड की तरह स्मार्ट कार्ड मिलेंगे।
जिले में करीब 1500 एमएसटी जारी हैं। इससे हर माह 600 से अधिक छात्र और नौकरीपेशा लोग नियमित यात्रा करते हैं। अब तक एमएसटी बनवाने के लिए यात्रियों को आधार कार्ड, हाईस्कूल प्रमाणपत्र और फोटो लेकर रोडवेज बस स्टेशन के चक्कर लगाने पड़ते थे। प्रक्रिया लंबी होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को केवल एक बार स्मार्ट कार्ड बनवाना होगा। इसके बाद हर महीने ऑनलाइन रिचार्ज कराकर यात्रा जारी रख सकेंगे। एआरएम कपिल देव ने बताया कि स्मार्ट कार्ड में चिप लगी होगी, जो एटीएम कार्ड की तरह कार्य करेगी। बसों में परिचालकों को अपडेटेड मशीनें दी जाएंगी। परिचालक कार्ड को मशीन से स्पर्श करते ही यात्री के एमएसटी की वैधता की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। परिवहन निगम की इस पहल से खास तौर पर उन लोगों को राहत मिलेगी जो प्रतिदिन बसों से यात्रा करते हैं।