मनकापुर/धानेपुर/इटियाथोक(गोंडा)। झमाझम बारिश के बीच सोमवार को बिजली गिरने से मनकापुर के शास्त्रीनगर, मछली गांव, मिर्जापुर रामनाथ व मऊ में ट्रांसफार्मर फुंक गए। साथ ही खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई। अधिशाषी अभियंता मोहम्मद कमर फारुख ने बताया कि बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर समेत कई उपकरण जल गए हैं। मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी। मनकापुर में पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ।
बारिश के दौरान सोमवार सुबह 132 केवीए इटियाथोक से आने वाली आपूर्ति फाल्ट के कारण बाधित हो गई। इससे सभी ग्रामीण फीडर ब्रेकडाउन में चले गए। वहीं, कई जगह तार टूटकर गिर गए। दोपहर तीन बजे के बाद फीडरों से जुड़े गांवों की आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। अवर अभियंता अजय कुमार गुप्त ने बताया कि शीघ्र आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
धानेपुर पावर हाउस की एचटी लाइन बारिश होते ही बंद हो गई। बेलहरी निवासी अवधेश मिश्र ने बताया कि रविवार रात करीब दो बजे जैसे ही बारिश शुरू हुई वैसे ही बिजली गुल हो गई। रोहित मास्टर ने बताया कि सोमवार दोपहर तक बिजली नहीं आई। संतराम गुप्ता ने बताया कि दोपहर में करीब 15 मिनट के लिए बिजली आई, उसके बाद पुनः चली गई। अधिशासी अभियंता मनकापुर कमर फारुख ने बताया कि एचटी लाइन ब्रेकडाउन है, फाल्ट के लिए पेट्रोलिंग कराई जा रही है, शीघ्र लाइन चालू कराई जाएगी।
बारिश से किसान खुश, उमस से राहत
माधोपुर (गोंडा)। सोमवार सुबह हुई बारिश से किसान खुश हैं। किसान कृपाशंकर सिंह ने बताया कि कुछ हफ्तों से पड़ रही तेज धूप और लू के कारण गन्ने की फसल सूखने लगी थी। धान की रोपाई के लिए तैयार की जा रही नर्सरी भी मुरझा रही थी। बारिश से खेतों को नमी मिल गई है, जिससे फसलों को जान मिलेगी। वहीं, गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से थोड़ी राहत मिली है।