गोंडा। परसपुरविद्युत उपकेंद्र का आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे खराब हो गया। इससे करीब डेढ़ लाख आबादी की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बिजलीकर्मियों ने घंटों तक मशक्कत की मगर ट्रांसफार्मर दुरुस्त न हो सका। ऐसे में भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं।
उपखंड अधिकारी अमित कुमार मौर्य व अवर अभियंता करुणेश मिश्र ने बताया कि पावर हाउस परिसर में लगे आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर में टेक्निकल फाल्ट आ गया है। इस ट्रांसफार्मर से बेगमगंज व चरसड़ी फीडरों के उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई दी जा रही थी। उन्होंने बताया कि अब वैकल्पिक तौर पर सभी छह फीडरों परसपुर, पसका, चरसड़ी, चकरौत, त्यौरासी व उमरीबेगमगंज को रोस्टिंग करके दो-दो घंटे बिजली दी जाएगी। बताया कि मुख्यालय पर यह ट्रांसफाॅर्मर उपलब्ध नहीं है। दूसरा ट्रांसफाॅर्मर गैर जनपद से मंगाया जाएगा। दो से तीन दिन में दूसरा ट्रांसफाॅर्मर आ जाने पर विद्युत व्यवस्था बहाल हो जाएगी। ऐसे में करीब डेढ़ लाख की आबादी बिजली की समस्या से परेशान है।
गोंडा सर्किल के अधीक्षण अभियंता आशीष सिन्हा ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर दुरुस्त कराने के लिए प्रयास किए गए हैं। दूसरा ट्रांसफाॅर्मर भी मंगाया गया है।लेकिन कम से कम दो से तीन दिन का वक्त लग सकता है। अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से धैर्य के साथ ही सहयोग की अपील की है। (संवाद)