गोंडा। मनकापुर क्षेत्र के टिकरी जंगल में बुटहा मार्ग के कच्चे रास्ते पर शुक्रवार सुबह करीब 24 साल की युवती का शव दुपट्टे के सहारे एक पेड़ से लटका मिला। वनकर्मी की सूचना पर पहुंची मनकापुर पुलिस ने छानबीन की लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी।
कोतवाली नगर क्षेत्र के विष्णुपुरी कॉलोनी सिविल लाइंस निवासी योगेश प्रताप मिश्र ने बताया कि वह टिकरी रेंज मनकापुर में वनरक्षक के पद पर तैनात हैं। बताया कि शुक्रवार सुबह वह टिकरी जंगल में गश्त कर रहे थे। तभी बुटहा मार्ग के कच्चे रास्ते पर एक पेड़ में दुपट्टे से बंधे फंदे पर युवती का शव लटका दिखा। उसके दाहिने हाथ पर खुशबू लिखा है। युवती ने गहने पहन रखे थे। वनरक्षक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि शिनाख्त के लिए युवती का हुलिया व फोटो डीसीआरबी के जरिए सभी थानों में भेजी गई है।