गोंडा। देवीपाटन जोन में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले हुए हैं। जोन के चारों जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में चार अधिशासी अभियंताओं के साथ 12 उपखंड अधिकारियों (एसडीओ), 12 अवर अभियंताओं (जेई) तथा सात कार्यकारी सहायकों का स्थानांतरण किया गया है।
जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि मनकापुर के अधिशासी अभियंता कमर फारुख, नवाबगंज के राम शब्द, बलरामपुर के अजय सिंह तथा विद्युत परीक्षण खंड बहराइच के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार का गैरजनपद स्थानांतरण किया गया है।
उनके स्थान पर संजय कुमार, जयसिंह, पवन कुमार राय और राम शब्द की तैनाती की गई है। जोन में कार्यरत 12 एसडीओ और 12 जेई के भी तबादले किए गए हैं। सात कार्यकारी सहायकों को भी नई तैनाती दी गई है। मुख्य अभियंता ने बताया कि स्थानांतरण आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय के भीतर नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ता सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।