हज यात्रा के दौरान हर हाजी अल्लाह का मेहमान होता है। हज यात्रा के समय की एक नेकी 100 नेकियों के बराबर होती है। हर मुस्लमान को अपने जीवन में हज यात्रा अवश्य करनी चाहिए।
यह बातें मौलाना मोहम्मद शमीम अहमद ने मंगलवार को नगर स्थित मदरसा जामिया अनवारुल कुरान में आयोजित हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण शिविर में कहीं। उन्होंने यात्रियों को हज के बारे में विस्तार से बताया।
हज ट्रेनर व मदरसे के प्रधानाचार्य मौलाना मसीह अहमद कादरी ने यात्रियों को हज की अदायगी, हज के दौरान पहनने वाली पोशाक और हज की दुआ आदि के बारे में जानकारी दी। शिविर में मौजूद जंतु उद्यान राज्य मंत्री डॉ. एसपी यादव, पूर्व राज्यसभा सदस्य पद्मश्री बेकल उत्साही आदि ने हज यात्रियों को मुबारकबाद दी।
शिविर में 97 हज यात्रियों का टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर मौलाना अब्दुल कय्यूम, मौलाना अमान, सलाहुद्दीन सिद्दीकी, खालिद अजीजी, शाहिद महमूद सहित कई मदरसा शिक्षक व चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।