बलरामपुर। तहसील दिवस में मंगलवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। समस्याओं के निराकरण के लिए 173 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई लेकिन उनमें केवल चार मामलों का मौके पर निस्तारण हो सका। लंबित 169 प्रार्थना पत्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अफसरों को सौंपे गए हैं।
उतरौला में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी डीएम/सीडीओ रामाश्रय ने संबंधित अफसरों को फरियादियों के प्रार्थना पत्रों का तय समय में निस्तारित करने का निर्देश दिया।
सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील दिवसों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार कराया जाना अनिवार्य है। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी दंड के भागीदार होंगे।
तहसील दिवस में बिजली, भूमि पैमाइश, दहेज उत्पीड़न, चक मार्ग पैमाइश, हैंडपंप रिबोर आदि से संबंधित मामलों की शिकायत लेकर लोग पहुंचे। तहसील दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक एसके राय, डीडीओ शिवकुमार सिंह, सीएमओ डॉ. यूके वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. यूएल गुप्ता, डीपीओ, डीपीआरओ, सीओ सहित कई अधिकारी मौजूद थे।