करनैलगंज। चचरी-परसपुर मार्ग पर ग्राम चंद्रभानपुर के पास बुधवार शाम गन्ने से लदा ट्रेलर बगल से निकल रही स्कॉर्पियो पर पलट गया। स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे। वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही उस पर सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
चौकी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि राहुल तिवारी निवासी गोमती नगर लखनऊ स्कॉर्पियो से अपने परिवार के साथ तरबगंज जा रहे थे। चंद्रभानपुर पेट्रोल पंप चचरी चौकी के पास से गन्ने से लदा ट्रेलर लखनऊ की तरफ जा रहा था। तभी वह अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो पर पलट गया। राहगीरों ने सभी को सुरक्षित निकाला। प्रभारी कोतवाल अरविंद पासवान का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।