अंबेडकर चौराहे पर यातायात जागरूकता रैली को रवाना करते एएसपी अजीत कुमार, सीओ व अन्य। - संवाद
गोंडा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार से यातायात माह का शुभारंभ किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक ने अंबेडकर चौराहे से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुरुनानक चौक पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने बैनर और नारों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इसके बाद एएसपी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए खुद नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी प्रेरित करना जरूरी है। सीओ योगेंद्र सिंह, दधिबल तिवारी, जगदंबा गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।