गोंडा। गौराचौकी बाजार के व्यापारियों ने निलंबित खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह से जुड़े प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बुधवार को अपर आयुक्त देवीपाटन मंडल को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अब उन पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है।
व्यापारी आलोक कुमार, हीरालाल, नंदलाल, अजय, शांतीलाल, परशुराम, बीएल गुप्त, राजेंद्र प्रसाद, सर्वजीत और अमित कुमार समेत अन्य लोगों ने अपर आयुक्त को दिए गए पत्र में आरोप लगाया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह के खिलाफ व्यापारियों ने शिकायत की थी। जांच के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय सिंह को निलंबित कर दिया गया।
वर्तमान में मामले की जांच अपर आयुक्त देवीपाटन मंडल को सौंपी गई हैं। व्यापारियों का आरोप है कि जांच के दौरान कुछ लोग उन्हें धमकाकर और दबाव बनाकर बयान बदलवाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए घटना से संबंधित वीडियो फुटेज की पेन ड्राइव भी अपर आयुक्त को सौंपी है।