गोंडा। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल 23 जून को गोंडा दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह जनसुनवाई करेंगी, निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगी तथा एक ग्राम पंचायत में संध्या संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से एक बजे तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा पेंशनरों की विभागीय और पेंशन संबंधी समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।
दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक आयुक्त जिले में संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। साथ ही निरीक्षण से पूर्व गठित त्रिसदस्यीय तकनीकी टीम अपनी जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेगी। शाम पांच बजे से सात बजे तक किसी चयनित ग्राम पंचायत में संध्या संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही चयनित लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।