दिनेश कुमार उर्फ पप्पू गुप्ता की फाइल फोटो व बिलखते परिजन। संवाद
रुपईडीह/दुबहा बाजार। कौड़िया क्षेत्र में आर्यनगर-करनैलगंज मार्ग पर थाना मोड़ के पास बृहस्पतिवार सुबह गिट्टी लदे डंपर की चपेट में आकर कुचलने से किराना व्यापारी दिनेश कुमार उर्फ पप्पू गुप्ता (46) घायल हो गए। जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कौड़िया बाजार निवासी प्रिंस कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बड़े भाई दिनेश कस्बे में किराना की दुकान चलाते थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 05:40 बजे वह फूल तोड़ने के लिए पैदल घर से निकले थे। तभी थाना मोड़ के पास करनैलगंज की ओर से आ रहे गिट्टी लदे डंपर ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।
पप्पू गिरे तो डंपर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़े तो चालक डंपर छोड़कर भाग गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन उन्हें पिकअप वाहन से जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के भाई प्रिंस कुमार गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
दिनेश कुमार उर्फ पप्पू गुप्ता की फाइल फोटो व बिलखते परिजन। संवाद