कूकनगर ग्रंट भरपुरवा में जला ट्रैक्टर और राकेश की मौत पर बिलखते परिजन। - संवाद
खोड़ारे। कूकनगर ग्रंट भरपुरवा स्थित एक ईंट भट्ठे पर रविवार सुबह ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ट्रैक्टर के नीचे दबने के कारण चालक राकेश उर्फ धनु (36) की जलकर मौत हो गई।
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलवरिया जंगल के रहने वाले राकेश ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलटने से राकेश उसके नीचे दब गए थे। इसी बीच शॉर्ट सर्किट से ट्रैक्टर में आग लग गई और लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी राकेश को बचा नहीं पाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से ट्रैक्टर हटाकर उसके नीचे से राकेश को निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। राकेश की मौत से पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
राकेश की मौत की सूचना घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। बूढ़ी मां मालती, पत्नी गुड़िया, बेटे अंकुर, शिवांश व बेटी शिल्पा का रो-रोकर बुरा हाल है। राकेश के पिता अर्जुन का चार वर्ष पहले निधन हो चुका है। भट्ठे पर चालक की नौकरी कर राकेश परिवार का गुजारा करते थे।
कूकनगर ग्रंट भरपुरवा में जला ट्रैक्टर और राकेश की मौत पर बिलखते परिजन। - संवाद