चालू वित्तीय वर्ष में 26.72 करोड़ रुपये की लागत से प्रसाधन घरों को निर्माण कराया जाएगा। 15 जुलाई तक 2227 प्रसाधन घरों का निर्माण हर हाल में पूरा कराना होगा। 28 लोहिया समग्र ग्रामों और गोद लिए गए गांवों में प्रसाधन घरों का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए जून 2015 में ग्राम पंचायत निधि छह के खातों में धनराशि भेेजी जा चुकी है। समय से निर्माण पूरा न कराने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
ये बातें डीपीआरओ उपेन्द्र राज सिंह ने सोमवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में सभी एडीओ पंचायत को वर्ष 2015-16 में चयनित 28 लोहिया समग्र ग्रामों और गोद लिए गए गांवों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 15 जुलाई तक 2227 प्रसाधन घरों का निभर्माण पूरा कराने का निर्देश देते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रसाधन घरों के निर्माण के लिए पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायत निधि छह के खातों में 26 करोड़ 72 लाख चार हजार रुपये की धनराशि भेज दी है। लोहिया समग्र ग्राम पंचायतों में 40-40, आयुक्त देवीपाटन मंडल रवि प्रकाश अरोड़ा द्वारा गोद लिए गए श्रीदत्तगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत महमूदनगर में 67, डीएम प्रीति शुक्ला द्वारा गोद लिए गए ग्राम पंचायतों उतरौला ब्लॉक के बड़हराकोट, श्रीदत्तगंज ब्लॉक के कोल्हुई बिनोहिनी, सीडीओ रामाश्रय द्वारा गोद लिए गए ग्राम पंचायतों पचपेड़वा ब्लॉक के मानपुर सोनबरसा व हरैया सतघरवा ब्लॉक के सहिजना और यूपी क्लीन ग्रीन के तहत चयनित सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत विशुनापुर में 30-30 प्रसाधन घरों का निर्माण कराया जाएगा।
प्रसाधन घरों का निर्माण कराने के लिए पंचायती राज विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत निधि छह के खातों में जून 2015 में धनराशि भेज दी है। डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिवों व ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया है कि 15 जुलाई तक समस्त प्रसाधन घरों का निर्माण कार्य पूरा कराकर फोटोग्राफ व लाभार्थियों की सूची सहित पूरी रिपोर्ट जिला परियोजना समन्वयक अमित श्रीवास्तव व योगेश कुमार को हर हाल में उपलब्ध करा दें जिससे भारत सरकार की वेबसाइट पर प्रसाधन घरों के लाभार्थियों की सूची अपलोड कराई जा सके।
समय से प्रसाधन घरों का निर्माण न कराने और रिपोर्ट उपलब्ध न कराने वाले संबंधित एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी डीपीआरओ ने दी है।