चयन के दो साल बाद भी लोहिया समग्र ग्राम गोल्हीपुर में विकास कार्य न कराए जाने के विरोध में ग्रामीण पूरी तरह से लामबंद हो गए हैं। प्रशासन की उपेक्षा के खिलाफ ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। गांव में विकास कार्य कराने से संबंधित मांगपत्र ग्रीमीणों ने डीएम को भेजा। विकास कार्य में हीला-हवाली करने पर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को रेहरा बाजार ब्लॉक के लोहिया समग्र ग्राम गोल्हीपुर के ग्रामीण निजामुद्दीन, अजीमुल्ला, मोहम्मद अतीक, जुबेर, एजाज, अली बहादुर आदि ने गांव के विकास में बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वर्ष 2013-14 में राजस्व ग्राम का चयन लोहिया समग्र ग्राम के तहत किया गया था।
दो साल पहले गांव में पोल तो गाड़ दिए गए लेकिन तार आज तक नहीं बिछाए गए। ग्राम पंचायत में न तो संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया और न ही कच्चे मार्गों की पटाई कराई गई। पुलिया का निर्माण न होने से गांव के लोगों को कीचड़ व गंदगी से होकर जाना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत में एक भी प्रसाधन घर का निर्माण आज तक नहीं हो सका है। नाली-खड़ंजा का निर्माण न होने से गांव के सभी प्रमुख रास्तों पर ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद इन लोगों ने गांव का विकास कराने से संबंधित मांगपत्र डीएम को भेजा है। शीघ्र ही लोहिया समग्र ग्राम का विकास न होने पर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।