हिंदू-मुस्लिम एकता की डोर को मजबूत करने के लिए रमजान का महीना सबसे मुफीद है। इसलिए सभी रोजेदार पूरी मानव जाति की भलाई के लिए दुआ करें। ये बातें उप जिलाधिकारी सदर ने रविवार को धानेपुर थाने में आयोजित शांति कमेटी की बैठक में कहीं।
ईद उल फितर के त्योहार को कुशलता पूर्वक कराने के लिए रविवार को धानेपुर थाने मे पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर ने की। दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए आपसी एकता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सामाजिक समरसता की वकालत करते हुए ईद उल फितर व अन्य सभी त्योहारों को भाईचारे से मिलजुल कर मनाने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी मनकापुर अमित किशोर श्रीवास्तव ने लोगों से थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था की जानकारी ली। पुलिस को असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी अगर असामाजिक तत्व नजर आएं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पीस कमेटी की बैठक को नायब तहसीलदार सदर श्याम कुमार ने भी संबोधित किया। इस दौरान एसडीएम व सीओ ने थाने के चौकीदारों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए शाल देकर सम्मानित किया। बैठक के बाद थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने रोजेदारों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। बैठक में राजस्व निरीक्षक तिलकराम, शिवनंदन लाल श्रीवास्तव, हनुमान प्रसाद, इंद्रपाल सिंह, राजकुमार सिंह, मुस्तकीम खां, शाहिद अली आदि मौजूद रहे।