आठ नवंबर को जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर चकबंदी लेखपाल के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शनिवार को जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चकबंदी लेखपाल परीक्षा संबंधी बैठक हुई। परीक्षा प्रभारी अधिकारी एडीएम त्रिलोकी सिंह ने बताया कि परीक्षा को संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 47 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें दो पालियों में कुल 23,556 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण क्षेत्र को 16 सेक्टरों में विभाजित करते हुए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित उनकी सहायता के लिए छह सहायक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
परीक्षा के दिन रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस विभाग के अधिकारियों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा प्रारंभ होने के 10 मिनट बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा की समाप्ति के बाद बचे हुए प्रश्नपत्रों को नष्ट कर दिया जाएगा। इसका प्रमाणपत्र संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट व अंतरीक्षक को संयुक्त रूप से देना होगा। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक/व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।