गोंडा-बलरापुर मार्ग पर कुआंना रेंज डिपो के पास शनिवार को दोपहर बाद बाइकों की भिड़ंत एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए। बेटे को जिला चिकित्सालय तो अन्य दो घायलों को बलरामपुर जिला अस्पताल भेजा गया है।
बलरामपुर जनपद के थाना महराजगंज तराई क्षेत्र के साहिबापुर के रहने वाले अभिषेक मिश्र (35) ने बताया कि उसके पिता विजय प्रकाश मिश्र (45) बलरामपुर जनपद में सिंचाई विभाग में नलकूप ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। वह गोंडा जिले के छेदी पुरवा में मकान बनवाकर रहते थे।
अभिषेक के मुुुताबिक वह अपने पिता के साथ शनिवार को दोपहर बाइक से बलरामपुर से गोंडा के लिए चला था। जब वह दोनों बलरामपुर मार्ग के कुआंना रेंज डिपो के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार से उनकी भिड़ंत हो गई, जिसमें उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि अभिषेक व बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिषेक को जिला अस्पताल गोंडा व बाइक सवार अन्य दो लोगों को बलरामपुर जिला अस्पताल भेजा गया है।
थानाध्यक्ष खरगूपुर अंगद राय ने बताया कि घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।