राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सोमवार का दिन काफी महत्वपूर्ण है। सोमवार को विधान सभा चुनाव को लेकर नामांकन करने वाले लोगों को अपना नामांकन पत्र वापस लेने का मौका दिया जाएगा। इसी दिन मैदान में उतरे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह् का आवंटन किया जाएगा। अब लोगों की निगाहें सोमवार को लोगों के नाम वापसी पर टिकी हैं।
जिले के सात विधान सभा सीट के लिए नामांकन करने के बाद उनके नामांकन पत्रों की जांच के बाद आठ उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज हो चुका है। अब मैदान में कुल 90 उम्मीदवार हैं। मेहनौन विधान सभा क्षेत्र में 16, गोंडा सदर में 15, कटरा बाजार में 10,करनैलगंज में 14, तरबगंज में 09, मनकापुर में 11 व गौरा में 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें से अभी कई उम्मीदवारों के सोमवार को नाम वापस लेने की संभावना है।
कौन उम्मीदवार अपने सीधे फायदे या फिर दूसरे उम्मीदवार को वाकओवर देने के लिए मैदान से हटने के लिए अपना पर्चा उठाता है लोगों को इसका इंतजार है। लोगों के नाम वापस लेने से कई क्षेत्रों में नये समीकरण बनने के साथ कई उम्मीदवारों को नये सिरे से समीकरण बनाना पड़ सकता है।
डीएम ने नामित किये प्रशिक्षण प्रभारी
जिले में विधान सभा चुनाव सकुशल निपटाने के लिए डीएम आशुतोष निरंजन ने मतदान कर्मियों को द्वितीय प्रशिक्षण दिये जाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारियों को नामित कर दिया है। दो से 23 फरवरी तक चलने वाले प्रशिक्षण की व्यवस्था नवीन फल सब्जी मंडी में की गई है। इसके अलावा ईवीएम की व्यवस्था आदि के लिए प्रभारी नामित कर दिया है। 19 फरवरी से 23 फरवरी के दौरान कर्मचारियों को स्टेशनरी थैला आदि की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी डीपीआरओ को दी गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम की फोटो व वीडियोग्राफी करने की जिम्मेदारी भी प्रभारी अधिकारियों को सौंप दी गई है।