दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में गोंडा सदर तहसील क्षेत्र के 6.33 लाख मतदाता मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान कर 3340 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। पंचायत चुनाव में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पांच ब्लॉक क्षेत्रों में 13 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को ब्लॉक मुख्यालयों से 1207 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।
जिले की सदर तहसील क्षेत्र के झंझरी, इटियाथोक, मुजेहना, पंडरीकृपाल, रुपईडीह ब्लॉकों में 16 जिला पंचायत सदस्य व 410 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 13 अक्तूबर को सुबह सात से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान कराने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र को नौ जोन 79 सेक्टरों में बांटा गया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ब्लॉकवार सुपर जोनल मजिस्ट्रेेट के अलावा 40 कलस्टर मोबाइल टीमें लगी हैं, जो भ्रमण कर क्षेत्र की निगहबानी करेंगी।
झंझरी ब्लॉक के लिए जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां देर शाम तक रवाना होती रहीं। ड्यूटी से गायब रहने वाले 12 मतदान कर्मियों के खिलाफ एफआईआर कराने की कार्रवाई की गई।
दोपहर में हल्की बारिश हो जाने से पोलिंग पार्टी रवानगी को लेकर थोड़ी देर अफरातफरी रही। दोपहर बाद तीन बजे जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व पुलिस कप्तान अनिल कुमार सिंह ने जिगर मेमोरियल कॉलेज पहुंच कर एसडीएम सदर नरेंद्र सिंह से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जानकारी ली।
वहीं, मतदान के समय की उल्टी गिनती शुरू हो जाने से पंचायत चुनाव में कूदे उम्मीदवारों की धड़कन बढ़ गई है। प्रचार थम जाने के बाद अब वह दिन-रात फोन व वाट्सएप व फेसबुक से वोटरों से संपर्क कर उन्हें मनाने में लगे हैं।
शराब पीने वाले अपनी आदत से बाज नहीं आते, कोई भी दिन हो या चाहे जितना जरूरी काम ही क्यों न हो। ऐसा ही कुछ नजारा सोमवार को जिगर स्कूल में देखने को मिला। एक मतदान कर्मी शराब के नशे में धुत होकर ड्यूटी करने पहुंचा। उसने लड़खड़ाते हुए जब अपनी ड्यूटी के बाबत एसडीएम सदर नरेंद्र सिंह से जानकारी मांगी तो एसडीएम ने नशे में आए कर्मचारी को पुलिस के हवाले कर दिया।
सदर तहसील क्षेत्र में कुल जिला पंचायत सीट व उम्मीदवार
कुल जिपं सदस्य सीट 16
कुल जिपं उम्मीदवार- 402
जिला पंचायत की इन सीटों पर आज होगा मुकाबला
बछईपुर, मुजेहना, उज्जैनीकला, दिखलौल, मेहनौन, इटियाथोक, इटहिया नबीजोत, असिधा, कौडिय़ा, खरगूपुर इमिलिया, पंडरीकृपाल पूर्वी, पंडरीकृपाल पश्चिमी, भदुआतरहर, उम्मेदजोत, गिर्द गोंडा, काजी देवर।
ब्लॉकवार क्षेत्र पंचायत सदस्य व उम्मीदवारों की स्थिति
ब्लॉक कुल पद कुल उम्मीदवार
झंझरी 99 637
मुजेहना 82 622
पंडरीकृपाल 51 443
इटियाथोक 81 604
रूपईडीह 97 584
कुल 410 2930
इनसेट
सदर तहसील क्षेत्र में ब्लॉकवार वोटर
झंझरी 195907
पंडरीकृपाल 090641
इटियाथोक 150487
मुजेहना- 149850
इटियाथोक 150487
रूपईडीह 176513
कुल 633398
इनसेट
ब्लॉक मतदान केंद्र मतदान स्थल
झंझरी 99 298
पंडरीकृपाल 65 149
इटियाथोक 95 251
मुजेहना 70 231
रूपईडीह 95 278
कुल- 424 1207
यहां के स्ट्रॉग रूम मेें रखी जाएंगी मतपेटियां
ब्लॉक स्ट्रॉग रूम स्थल
झंझरी जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज गोंडा।
पंडरीकृपाल गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज गोंडा।
इटियाथोक जनता इंटर कॉलेज इटियाथोक गोंडा
मुजेहना बीएचडी इंटर कॉलेज धानेपुर गोंडा
रूपईडीह गांधी आदर्श इंटर कॉलेज खरगूपुर