मनकापुर/ गोंडा। मनकापुर पुलिस और एसओजी ने शुक्रवार भोर मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस का दावा है कि ये बदमाश सीमेंट कंपनी के सेल्समैन के साथ हुई लूट में शामिल थे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 44 हजार रुपये, एक बाइक, तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के पड़री शंकर निवासी प्रेमनाथ गुप्त सीमेंट कंपनी में सेल्समैन हैं। रविवार शाम बैरीपुर रामनाथ गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनसे 1.10 लाख रुपये लूट लिए थे। बदमाशों ने पहले उनका हेलमेट छीना और उसी से हमला कर बाइक की डिकी में रखी नकदी लेकर भाग गए थे। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत पांच टीमें गठित की गई थीं।
एसपी ने बताया कि शुक्रवार तड़के मनकापुर-उतरौला मार्ग पर मनवर तिराहे के पास पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमघटी मनकापुर निवासी ओमप्रकाश यादव के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो साथियों आशीष यादव निवासी अमघटी और प्रदीप वर्मा निवासी देवरी खेड़ा, रेहरा बाजार बलरामपुर को पकड़ लिया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों से अन्य लूट और आपराधिक घटनाओं के शामिल होने बारे में भी पूछताछ की जा रही है।