एलबीएस महाविद्यालय में परीक्षा देते परीक्षार्थी। -संवाद
गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में आयोजित बीएड परीक्षा में मंगलवार को भी तीन छात्राएं नकल सामग्री के साथ पकड़ी गईं, जिन्हें परीक्षा से बाहर कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक ने इसकी औपचारिक रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी है।
पहली पाली में बीएड परीक्षा के लिए कुल 1,388 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,252 ने परीक्षा दी। 136 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शुरू होने के साथ ही आंतरिक सचल दल ने सभी कक्षों में सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान तीन छात्राओं के पास से चिट, लिखित पर्चियां और अन्य नकल सामग्री पकड़ी गई। उत्तर पुस्तिकाएं जब्त करके तीनों छात्राओं को परीक्षा से बाहर कर दिया गया। सोमवार को भी एक छात्रा नकल सामग्री के साथ पकड़ी गई थी। केंद्र प्रभारी प्रो. बीपी सिंह ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
इसी केंद्र पर बीपीएड और बीएससी कृषि विज्ञान की परीक्षा भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बीपीएड व बीएससी कृषि विज्ञान की पहली पाली में 257 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में 178 विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान प्रो. जितेंद्र सिंह, डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. चमन कौर, डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. स्मृति शिविर अन्य शिक्षक मौजूद रहे।