फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

Sun, 21 Jun 2015 11:14 PM IST
गोंडा/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय संस्कृति की पहचान योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलने पर लोगों में बेहद उमंग दिखाई दी। रविवार को सुबह छह बजे से ही हजारों की संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने अपने घर से निकल कर मैदान में पहुंचकर योगाभ्यास किया।
विज्ञापन


यह पहला अवसर था जब किसी पहले अंतरराष्ट्रीय आयोजन पर इतनी धूम दिखी। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, श्री गांधी विद्या मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर योग दिवस धूमधाम से मनाया गया।

शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज मैदान में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि योग समिति तथा नेहरू युवा केंद्र की ओर से भव्य योग प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। तमाम महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने सुबह ही मैदान में पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण कर लिया।
विज्ञापन


किसी सरकारी प्रयास के बिना इतनी भारी संख्या में लोग एकत्र हुए। यहां सुबह छह से 7.45 बजे तक योग का कार्यक्रम हुआ। सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में योगाभ्यास का आयोजन हुआ।

यहां मुख्य शिक्षक अवनि कुमार शुक्ल समेत अन्य लोगों ने योगाभ्यास कराया। इस मौके पर जितेंद्र पांडेय सहित तमाम शिक्षक, भाजपा नेता व संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह ने अभ्यास के बाद लोगों को योग के बारे में जानकारी दी।

श्री गांधी विद्या मंदिर में भी योगाभ्यास का आयोजन किया गया। यहां एनसीसी का प्रशिक्षण चल रहा है। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों के साथ विद्यालय के शिक्षक सहित आसपास के निवासियों ने भाग लिया। महर्षि विद्या मंदिर में प्रधानाचार्य जेएन उपाध्याय ने योग से होने वाले फायदे के बारे में बताया।

एससीपीएम नर्सिंग कॉलेज में चेयरमैन डॉ. ओएन पांडेय की उपस्थिति में योगाभ्यास किया गया। उन्होंने बताया कि योग से डायबिटीज, रक्तचाप, पेट से संबंधित एवं हड्डी के विभिन्न रोगों से छुटकारा मिल जाता है। बस जरूरत है इसके नियमित अभ्यास की।

दीनदयाल शोध संस्थान में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास किया। जन शिक्षण संस्थान के निदेशक प्रज्योति त्रिपाठी व शारदाकांत पांडेय ने लोगों को ध्यानाभ्यास व योग क्रियाओं के बारे में बताया। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के गोंडा स्थित मनोरंजन केंद्र में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित राकेश जायसवाल ने यहां कर्मचारियों व अधिकारियों को योग कराया। प्रोजेक्टर डीवीडी के माध्यम से योग की विधाओं को दिखाया गया। कार्यक्रम में अतिथि डॉ. डीके मोर, डीएमई एएच खान, आरके पांडेय आदि मौजूद रहे।

महर्षि च्वनमुनि संस्थान में महिलाओं ने योगाभ्यास किया। यहां रामकिशोर वर्मा, उमेशकुमार वर्मा आदि ने प्रशिक्षण दिया। सरस्वती देवी नारी ज्ञान स्थली महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. कृष्णा सिन्हा की उपस्थिति में सैकड़ों छात्राओं व शिक्षिकाओं ने ध्यान व योग किया।

दीनदयाल शोध संस्थान के तत्वावधान में चिन्मय ग्रामोदय विद्यालय के प्रांगण में आयोजित योग दिवस में क्षेत्र के 15 गांवों के 540 लोग शामिल हुए। यहां ग्रीवाचालन, घुटना चालन व योगासन में ताड़ासन, वृक्षासन, पाद-हस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन व बैठकर किये जाने वाले भद्रासन, अर्धउष्ट्रासन, शशांकासन, वक्रासन आदि योग कराया गया।

संस्थान के सचिव रामकृष्ण तिवारी ने योग से होने वाले लाभ एवं योग का प्राचीनकाल में क्या महत्व था, उसकी भी जानकारी दी। कल्याण मंत्र के साथ ही योग दिवस का समापन किया गया तथा सभी के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें