अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग के महाकुंभ में रविवार को जनपद के कई स्थानों पर लाखों लोग अपनी सेहत को सुधारने के लिए भाग लेंगे। योग दिवस पर जनपद के आठ स्थानों पर शिविर का आयोजन किया गया है। यहां योग सिखाने के लिए प्रशिक्षकों की टीम लगाई गई है।
भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि योग समिति के साथ ही नेहरू युवा केंद्र की ओर से शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाले योग शिविर में सात हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
सरस्वती शिशु मंदिर में भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तो महर्षि विद्या मंदिर में महर्षि योग समिति के साथ नवाबगंज के श्रीगांधी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा, विहिप, आरएसएस व बजरंग दल की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया है।
मनकापुर ब्लॉक परिसर में ब्रम्हाकुमारी समिति की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया है। योग के इस महाकुंभ में लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
जेल व श्री श्री ज्ञान मंदिर में भी योग
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक केपी सिंह ने बताया कि रविवार सुबह श्री श्री ज्ञानमंदिर आवास विकास में सुबह छह से और जिला कारागार में सुबह सात बजे से योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षक के मुताबिक आवास विकास में दो हजार तो जेल में एक हजार बंदी योग में शामिल होंगे।
गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में तीन घंटे कार्यक्रम
योग दिवस पर गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में साढ़े छह से साढे़ नौ बजे तक कार्यक्रम होगा। सुबह 6.45 से 7.00 तक गायत्री मंत्र का जाप होगा। 7.00 बजे से 45 मिनट तक यौगिक क्रियाएं होंगी।
पौने आठ बजे से आठ बजे तक उद्बोधन, आठ बजकर पांच मिनट से आठ बजकर दस मिनट तक संकल्प क्रम तथा आठ बजकर दस मिनट से आठ बजकर 50 मिनट तक पौधरोपण किया जाएगा।