पंचायत चुनाव के चौथे चरण में जनपद की तरबगंज तहसील में 10 दिसंबर को होने वाले मतदान को बेहद चुनौतीपूर्ण मानते हुए जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी ली हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ जिला पंचायत सभागार में बैठक कर मतदान कार्य में लगे सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान में बाधा डालने वालों को सीधे जेल भेजने में कतई गुरेज न किया जाए तथा कड़ी धाराओं में मुकदमा लिखा जाए।
बैठक में डीएम अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि तरबगंज तहसील की 228 ग्राम पंचायतों के 323 मतदान केंद्रों पर 10 दिसंबर को मतदान होना है, जहां पर 573724 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
संपूर्ण तहसील क्षेत्र को नौ जोन तथा 63 सेक्टरों में विभाजित किया गया हैं, जिनमें 86 मतदान केंद्र अति संवेदनशील प्लस, 108 अति संवेदनशील, 73 संवेदनशील तथा 63 सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं।
मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता के दृष्टिगत पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी प्रदीप कुमार यादव ने बैठक में उपस्थित सभी थानाध्यक्षों को कड़े आदेश दिए कि ऐसे लोग जो मतदान में खलल डाल सकते हों, उन सबको गिरफ्तार कर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
डीएम ने थानाध्यक्षों को यह भी आदेश दिए हैं कि अराजक तत्व जो मतदान में बाधा पहुंचाने की स्थिति में हों, उन सबको उनके मतदान केंद्रों पर वोट डलवाने के बाद थाने पर बैठा लिया जाए।
डीएम ने सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को यह भी स्पष्ट आदेश दिए हैं कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं के लिए निर्धारित विकल्पों के अलावा अन्य किसी भी पहचान पत्र पर वोट न डालने दिया जाए।
इसके अलावा एसपी ने फर्जी तथा नाबालिग वोटरों को भी तत्काल गिरफ्तार करने के आदेश पुलिस अधिकारियों को दिए हैं।