गोंडा। दीपावली पर इस बार पटाखों की दुकानें शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज के बजाय उतरौला रोड स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी में लगाई जाएंगी। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा के नेतृत्व में टीम ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस बार पटाखों की बिक्री के लिए स्थल में बदलाव किया गया है।
उधर, दीपावली पर मूर्ति, दीये, मोमबत्ती और सजावटी सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों को हटाए जाने की सूचना पर केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी नगर से मुलाकात की। महामंत्री राकेश वर्मा गुड्डू के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने दुकानदारों को दीपावली तक निर्बाध रूप से कारोबार करने देने की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि पीपल चौराहा से भरत मिलाप चौराहा और रानी बाजार समेत कई क्षेत्रों में वर्षों से त्योहार के दौरान तीन-चार दिन के लिए अस्थायी दुकानें लगाई जाती हैं। छोटे दुकानदार अपनी जमा पूंजी लगाकर त्योहार पर कारोबार करते हैं। ऐसे में उन्हें दुकानें लगाने से नहीं रोका जाना चाहिए। इस पर अधिकारियों ने दुकानदारों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में भरत गिरी, श्याम जी मिश्र, बबलू वर्मा, महेश कुमार, सुनील निषाद और सोनू सोनकर आदि शामिल रहे।
सुरक्षा की कमान संभालेंगे 2500 पुलिसकर्मी
गोंडा। धनतेरस, दीपावली और भैयादूज पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एसपी अभिषेक ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिला पुलिसकर्मी फुट पेट्रोलिंग कर रही हैं। जिले की सीमाओं पर बैरियर लगाकर आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 पर सूचना दें।