तरबगंज। क्षेत्र के रामापुर में पहले से बिकी भूमि का दोबारा बैनामा करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कस्बा निवासी शायरुलनिशा ने बताया कि उन्होंने अगस्त 2019 में पांच लोगों से 26 बिस्वा भूमि का बैनामा कराया था। वर्तमान में राजस्व अभिलेखों में भूमि उनके नाम दर्ज है। आरोप है कि जब वह भूमि पर कब्जा लेने पहुंचीं तो गांव के अब्बास अली ने पहले से अपने नाम बैनामा होने का दावा करते हुए कब्जा देने से मना कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, छानबीन में पता चला कि आरोपित विक्रेताओं के पिता ने वर्ष 1977 में ही उक्त भूमि का बैनामा अब्बास अली के नाम कर दिया था। हालांकि, चकबंदी के दौरान त्रुटिवश क्रेता का नाम खतौनी में दर्ज नहीं हुआ और विक्रेताओं के वारिसों का नाम दर्ज हो गया। आरोप है कि इस तथ्य को छिपाकर उसी भूमि का दोबारा बैनामा कर दिया गया।
कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि रामापुर निवासी नंदकुमार, शिवकुमार (दोनों भाई), पंकज, नीरज, अजय (तीनों भाई) और अब्बास अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।