गोंडा में तीसरी लाइन निर्माण के बारे में रेल अफसरों से जानकारी लेते प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबं
गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे के बुढ़वल से लेकर गोंडा रेलवे स्टेशन तक तीसरी रेलवे लाइन बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। अगले दो महीने के अंदर करनैलगंज से लेकर जरवल रोड स्टेशन तक इसका कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद गोंडा कचहरी स्टेशन से लेकर गोंडा जंक्शन तक ट्रैक बिछाने का कार्य किया जाएगा।
गोंडा रेलवे यार्ड के निरीक्षण के लिए आए पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक अनूप कुमार सतपथी ने बताया कि तीसरी लाइन बनने से लखनऊ से गोंडा के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ जाएगी। इससे सफर में समय की बचत होगी। प्रमुख ट्रेनों को पास कराने में दूसरी ट्रेनों को रोकना नहीं पड़ेगा। इससे ट्रेनों का संचालन समय पर होगा। तीसरी लाइन के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों से फीडबैक लिया। साथ ही निर्माण में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सेफ्टी का पूरा ध्यान रखते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा कराएं, जिससे अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन वाया गोंडा रेलवे स्टेशन शुरू हो सके।
इनसेट
यह है योजना
- गोंडा से बुढ़वल स्टेशन के बीच 60 किमी दूरी तक तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम तीन चरणों में होना है। पहले चरण में गोंडा कचहरी से करनैलगंज स्टेशन तक कार्य पूरा हो गया है। ट्रेनों का संचालन भी हो रहा है।
- दूसरे चरण में करनैलगंज से जरवल रोड स्टेशन के बीच 17 किमी रेलवे ट्रैक बिछाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक इसका कार्य मई तक पूरा हो जाएगा। इससे तीसरी लाइन पर भी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
- तीसरे चरण में गोंडा कचहरी से गोंडा जंक्शन के बीच पांच किमी दूरी तक लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए गोंडा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 4 व 5 के बगल मिट्टी की खोदाई व अन्य कार्य तेजी से किया जा रहा है। बरसात के मौसम से पहले मिट्टी का पटान भी करा दिया जाएगा। पांच किमी लाइन बिछाने में करीब 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इनसेट
ये होगा फायदा
तीसरी लाइन बन जाने से गोंडा रेलवे स्टेशन के अंतर्गत लाखों लोगों को सीधे तौर से फायदा होगा। ट्रेनों की स्पीड 110 किमी प्रतिघंटा हो जाएगी। इससे अधिक से अधिक ट्रेनों का संचालन हो सकेगा। वर्तमान समय में ट्रेनें गोंडा से लखनऊ तक 125 किमी की दूरी तय करने में करीब तीन से चार घंटे का समय लेती हैं। तीसरी लाइन के बनने के बाद समय में काफी बचत होगी और लोग डेढ़ घंटे में ही लखनऊ का सफर कर सकेंगे।