गोंडा। विधान सभा में पेश बजट के प्रावधानों से जिले में रेलवे क्राॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम की परेशानी से शहरवासियों को छुटकारा मिल सकेगा। बजट प्रावधान से लखनऊ-गोंडा राजमार्ग पर कटरा-शहबाजपुर, जहंगिरवा के साथ ही करनैलगंज-हूजूरपुर, गोंडा-बलरामपुर सुभागपुर और गोंडा-अयोध्या नवाबगंज रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर बनने का रास्ता साफ हो सकेगा। इसके साथ ही माध्यमिक विद्यालयों में आईसीटी लैब व परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनने से बच्चों की पढ़ाई भी हाईटेक बनेगी।
जिले में जहंगिरवा और कटरा-शहबाजपुर रेलवे क्राॅसिंग करीब दो किमी के अंदर है। ऐसे में शहरवासियों को इस रूट पर हर दिन जाम की परेशानी से जूझना पड़ता है। फ्लाईओवर के लिए बजट प्रावधान होने से व्यस्त रूट पर पड़ने वाली इन सभी रेल क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर बनने की कवायद से आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
इसके साथ ही बजट प्रावधान से भवानीपुर कला राजकीय महाविद्यालय में काफी धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य भी रफ्तार पकड़ सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा से जुड़े 20 राजकीय हाईस्कूल और छह राजकीय इंटर कॉलेजों में भी आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास की सुविधा मिलने के साथ ही 42 सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में भी शिक्षण सुविधाएं बढ़ेगी।
इसी तरह परिषदीय स्कूलों से से जुड़े 3.57 लाख छात्रों को भी यूनीफार्म, स्वेटर, स्कूल बैग, जूता मोजा एवं स्टेशनरी का लाभ मिलेगा। ऑपरेशन कायाकल्प से 2610 विद्यालयों की बदहाली को भी सुधारने में मदद मिलेगी। बजट में विद्युतीकरण से जुड़े कार्यों को बेहतर बनाने के लिए जिले में 33 प्रतिशत अधिक बजट प्रावधानित किया गया है। इसका सीधा फायदा सहूलियत बेहतर होने से जिले के साढ़े चार लाख उपभोक्ताओं को मिल सकेगा। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन व निराश्रित महिलाओं के भरण-पोषण के अनुदान के तहत जिले के 1.11 लाख लाभार्थियों को इसका फायदा मिलेगा।