गोंडा। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को तबादले का अवसर नए साल में मिलने की उम्मीद जगी है। शिक्षकों, प्रवक्ताओं और प्रधानाचार्यों के ऑनलाइन स्थानांतरण से पहले रिक्त पदों का सत्यापन होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक रामचेत ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस से रिक्त पदों का ब्योरा मांगा गया है।
डीआईओएस को रिक्त पदों का सत्यापन करके भेजना है। 14 जून 2019 को शासन ने ऑनलाइन तबादले की व्यवस्था की थी। इसके बाद ऑनलाइन तबादले की प्रक्रिया भी शुरू हुई। 12 से 14 जुलाई 2021 तक ऑनलाइन स्थानांतरण के लिए शिक्षकों, प्रधानाचार्यों व प्रवक्ताओं से आवेदन लिए थे। जिसमें 73 प्रधानाचार्य, 59 प्रधानाध्यापक, 155 प्रवक्ता और 769 सहायक अध्यापकों (स्नातक वेतनक्रम) ने तबादले के लिए आवेदन भी किया। इसमें जिले के शिक्षक भी शामिल थे।
तबादले की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच इसके खिलाफ विद्यालयों के प्रबंधक हाईकोर्ट चले गए। इसलिए प्रक्रिया रुक गई। पिछले दिनों हाईकोर्ट ने ऑनलाइन स्थानांतरण को मंजूरी दे दी। अब सत्यापन के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद स्थानांतरण होगा। ऐसे में नए साल में लंबे समय से तबादले की आस लगाए शिक्षकों को तोहफा मिल सकता है।
उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक रामचेत ने जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजे पत्र में लिखा है कि तबादले की प्रक्रिया के समय रिक्त पदों पर कोई नियुक्ति बीच में हुई हो तो उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। जिससे रिक्त पदों की स्थिति स्पष्ट हो सके। बताया जा रहा है कि तबादले की प्रक्रिया शुरू होने और फिर रूकने के बीच में नई नियुक्तियां भी हुईं हैं। ऐसे में फिर से प्रक्रिया शुरू करने से पहले स्थिति स्पष्ट किया जा रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि विभाग से मिले निर्देशों के तहत रिक्त पदों का सत्यापन कराया जा रहा है। तय समय में रिपोर्ट भेज दी जाएगी।