जयप्रभाग्राम/पसका/धानेपुर/गोंडा। घरों में दो-दो स्मार्टफोन हैं...। इंटरनेट के लिए वाईफाई भी लगा है... एलईडी टीवी के साथ सोलर पैनल भी लगे... इतने स्मार्ट होने के बाद भी ग्रामीण खुले में शौच जा रहे हैं। ऐसा नहीं है कि घर में शौचालय नहीं है लेकिन उसमें कंडा व जानवर बांधे जा रहे हैं। रविवार को जनगणना के पहले चरण में भवन व मकानों के सर्वे में पूछे गए सवालों के बाद कुछ ऐसी ही जानकारी मिली।
22 मई से जनगणना का काम शुरू हो चुका है। 20 जून तक जनगणना होगी। जनगणना के लिए जिले को 6089 खंडों में बांटा गया है। हर खंड में हैं करीब 200 भवन हैं। 6500 लोग जनगणना में लगे हैं। सेटेलाइट मैप से नजरी-नक्शा तैयार करने के बाद प्रगणकों के भवन व मकानों की गणना का कार्य तेज कर दिया है। एचएलओ ऐप पर जानकारी भर रहे हैं। रविवार को धानेपुर नगर पंचायत क्षेत्र में अनुदेशक व प्रगणक राम निवास ने घर-घर जा करके 18 भवन व मकानों की गणना की।
परिवार के मुखिया के साथ ही सदस्यों की जानकारी मांगी। घरों में शौचालय बने हैं या नहीं... कितने गड्ढों का सेप्टिक टैंक है? जैसे 33 सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। ऐसे में परिवारों की ओर से घर में शौचालय होने के दावे किए जा रहे हैं। मगर अधिकतर परिवार खुले में शौच जा रहे हैं। इसी तरह से स्मार्टफोन, टीवी और इंटरनेट जैसे सवालों पर अधिकतर परिवारों ने स्मार्ट फोन होने की जानकारी दी।
परसपुर के बेलवानोहर के शिक्षक व प्रगणक मनोज चतुर्वेदी ने बताया कि दो दिनों के भीतर 40 भवनों की गणना कर चुके हैं। इस दौरान 47 मकान दर्ज किए गए हैं। इसमें से सिर्फ तीन परिवारों ने कीपैड मोबाइल होने की जानकारी दी है। बाकी सभी घरों में स्मार्टफोन है। घरों में शौचालय होने की जानकारी दे रहे हैं। मगर इस्तेमाल के सवाल से मुकर रहे हैं। खुले में शौच जाने की बात कह रहे हैं। एलईडी टीवी के साथ घरों में सोलर पैनल लगे हैं लेकिन शौच खुले में जाते हैं।