बभनान। छपिया के सकदरपुर में शुक्रवार देर रात शराब की कंपोजिट दुकान के काउंटर से 1,99,850 रुपये नकद व लगभग 5,200 रुपये कीमत की शराब-बीयर चोरी हो गई। वहीं, जमुनहा गांव स्थित सराफा दुकान से 12 ग्राम सोना, 800 ग्राम चांदी व 15 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने दोनों जगह मौका मुआयना करके साक्ष्य जुटाए हैं।
सकदरपुर स्थित शराब की कंपोजिट दुकान के पार्टनर करन कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार रात सेल्समैन श्याम नारायण यादव दुकान बंद कर चला गया था। सुबह मकान मालिक ने शटर टूटा होने की सूचना दी। दुकान खोलकर देखा तो काउंटर में रखे कैश के साथ ही शराब व बीयर चोरी होने की जानकारी हुई।
जमुनहा के सराफा व्यवसायी अरुण सोनी ने बताया कि शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर लोहे की अलमारी उठा ले गए और पास के खेत में अलमारी के ताले तोड़कर सोना-चांदी व नकद चुरा ले गए। चौकी प्रभारी घनश्याम वर्मा ने कहा कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। (संवाद)