दो घरों रुपईडीह (गोंडा)। गौंसिहा गांव के मजरे तुर्कपुरवा के दो घरों में सोमवार की देर रात घुसे चोरों ने 55 हजार रुपये नकदी व दो लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए। मामले में थाना कौड़िया में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना कौड़िया क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौंसिहा के मजरा तुर्कपुरवा के रहने वाले शिवलोचन ने बताया कि सोमवार की देर रात उनके घर की पिछली दीवार में लगी खिड़की की ग्रिल तोड़कर चोर अंदर घुस आए और संदूक में रखी 25 हजार नकद और सोने-चांदी के गहने, कपड़े, बर्तन व खाद्य सामग्री उठा ले गए।
इसी गांव के निवासी संतोष दूबे के घर में पिछली दीवार के सहारे छत के रास्ते घर में घुसे चोर संदूक व बैग उठा ले गए। जिसमें 3000 नकदी, सोने-चांदी के गहने व कपड़े रखे थे। प्रभारी निरीक्षक कौड़िया अनिल सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।